Brahma Kumaris News
नशामुक्ति की शपथ
दशहरा मैदान में रावण दहन से पहले ब्रह्माकुमारी बहनों ने विशाल जनसैलाब को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, रायपुर सेवाकेन्द्र फिर से बना नशामुक्ति जनप्रतिज्ञा महाअभियान में पूरे देश में नम्बर वन
रायपुर (छ.ग.): कल विकारों पर विजय प्राप्त करने का पर्व दशहरा पूरे देश में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने रावण के रूप में जगह-जगह बुराईयों का पुतला दहन कर खुशियाँ मनाई। राजधानी रायपुर में सबसे बड़ा दशहरा उत्सव वैगन रिपेयर वर्कशाप यानि डब्लू.आर.एस. कालोनी में मनाया जाता है। इस वर्ष भी यहाँ पर खूब जोर-शोर से आतिशबाजी करने के साथ ही एक सौ एक फीट उंचा रावण का पुतला तैयार कर उसका दहन किया गया। इस कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक सहित बहुत बड़ी संख्या में लाखों लोग एकत्रित होते हैं।
हमारे रायपुर की बहनों ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए लोगों को नशामुक्ति का शपथ दिलाने के लिए आयोजकों से बात करके समय लिया और निर्धारित समय पर वहाँपहुंच गईं। आयोजन स्थल शहरवासियों से खचाखच भरा हुआ था। ब्रह्माकुमारी अदिति दीदी ने पहले प्रवचन करके मनुष्य आत्माओं को दुखी करने वाला रावण कौन है? पांच विकार कैसे हमें दुखी कर रहे हैं? आदि बातों को स्पष्ट किया। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के दस कोटि नशामुक्ति जनप्रतिज्ञा महाअभियान से भी लोगों को अवगत कराया। उसके बाद ब्रह्माकुमारी भावना दीदी ने सबको नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभा में लगभग पांच लाख लोग उपस्थित थे। इसका प्रमाण पत्र भी आयोजक संस्थान ने प्रदान किया है।
इस प्रकार आदरणीय कमला दीदी की कर्मक्षेत्र और तपस्या भूमि, हमारा रायपुर का प्यारा सेवाकेन्द्र शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर तेरह लाख से अधिक जनप्रतिज्ञा हासिल कर एक बार फिर से पूरे देश में दस कोटि नशामुक्ति जनप्रतिज्ञा महाअभियान में अव्वल नम्बर पर आ जाएगा। इस गौरवशाली उपलब्धि पर राजधानी रायपुर और उससे सम्बन्धित सभी सेवाकेन्द्रों की हमारी ब्रह्माकुमारी बहनों को बहुत-बहुत बधाई। आप लोगों ने विश्व पटल पर हमारे पूरे इन्दौर जोन का नाम रौशन किया है। पुन: सभी को बधाई। ओमशान्ति।




