Connect with us

Uncategorized

ब्रह्माकुमारी संस्थान की मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी के निधन पर श्रद्घाजंलि सभा आयोजित

Published

on

सादर प्रकाशनार्थ
ब्रह्माकुमारी संस्थान की मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी के निधन पर श्रद्घाजंलि सभा आयोजित

दादी जी की नि:स्वार्थ सेवा सदैव याद रहेगी… श्रीमती किरणमयी नायक

रायपुर, 21 मार्च: महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक ने कहा कि दादी हृदयमोहिनी जी की नि:स्वार्थ सेवा हमेशा याद रहेगी। समाज में ऐसे लोग बहुत कम होते हैं जिनका समूचा जीवन ही प्रेरणादायी होता है। वर्तमान कोरोना काल में जबकि दो गज दूरी है जरूरी, तब दादी हृदयमोहिनी का स्नेह हम सबको सम्बल देगा। इस समय दुनिया को प्रेम की बहुत ज्यादा जरूरत है।

श्रीमती किरणमयी नायक आज विधानसभा रोड स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित इस संस्थान की मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी जी के निधन पर आयोजित श्रद्घाजंली सभा में बोल रही थीं।

उन्होंने दादी जी को श्रद्घासुमन अर्पित करते हुए आगे कहा कि महज नौ साल की उम्र में ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़ जाना और अपना समूचा जीवन समर्पित कर देना यह दादी जी के पुण्य कर्मों का परिणाम था। किसी के जीवन की सच्ची कमाई को देखना हो तो उसके अन्तिम संस्कार में जाकर देखना चाहिए कि उसका ऋण उतारने के लिए कितने लोग पहुंचें हैं। यहाँ पर भारी संख्या में उपस्थित जन समुदाय को देखकर लगता है कि दादी जी जन-जन के हृदय में समाई हुई थीं।

ब्रह्माकुमारी संस्थान की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने बतलाया कि दादी हृदयमोहिनी जी को दिव्यदृष्टि का वरदान प्राप्त था। वे बचपन से ही ध्यान में जाया करती थीं। उन्होंने अनेक गहन आध्यात्मिक रहस्यों पर से पर्दा उठाने में सहयोग दिया। ब्रह्माकुमारी संस्थान के विकास में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने लाखों लोगों का मिलन परमात्मा से कराया। उनको सच्ची श्रद्घाजंली यही होगी कि हम उनकी तरह सभी के लिए शुभ सोचें और सबको सुख प्रदान करें।

सभा का संचालन वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने किया। इस अवसर पर दादी हृदयमोहिनी के जीवन और उनके द्वारा की गई सेवाओं से जुड़ा हुआ वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

प्रेषक : मीडिया प्रभाग,
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय
शान्ति सरोवर, रायपुर
फोन: 0771- 2253253, 2254254

—
for media content and service news, please visit our website-
www.raipur.bk.ooo

Continue Reading