Connect with us

News

शान्ति सरोवर सजाई गई चैतन्य देवियों की झाँकी अद्भुत है… न्यायमूर्ति चन्द्र भूषण बाजपेयी

Published

on

  1. शान्ति सरोवर सजाई गई चैतन्य देवियों की झाँकी अद्भुत है… न्यायमूर्ति चन्द्र भूषण बाजपेयी

रायपुर, १० अक्टूबर, २०१८: न्यायमूर्ति चन्द्र भूषण बाजपेयी ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विधानसभा मार्ग पर स्थित शान्ति सरोवर में सजाई गई नौ देवियों की चैतन्य झाँकी अद्भुत एवं दर्शनीय है। यहाँ पर माँ दुर्गा के नौ रूपों को अत्यन्त आकर्षक एवं जीवन्त स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है।

न्यायमूर्ति श्री बाजपेयी झाँकी का अवलोकन करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। वह हाल ही में राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष होने के साथ ही हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति भी बनाए गए हैं। चैतन्य देवियों की झाँकी का शुभारम्भ न्यायमूर्ति बाजपेयी के साथ ही क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी और वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सविता एवं प्रियंका बहन ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।

श्री बाजपेयी ने आगे कहा कि अपने सम्पूर्ण जीवनकाल में ऐसी सुन्दर, मनोहारी और जीवन्त झाँकी उन्होने पहली बार देखी है। यह नगरवासियों के लिए गौरव की बात है कि इतना सुन्दर आयोजन राजधानी में किया गया है। यहाँ आने के बाद व्यक्ति स्वयं को तनावमुक्त महसूस करने लगता है। यहाँ सचमुच बहुत अधिक शान्ति है।

उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा के नौ रूपों की जीवन्त प्रस्तुति अत्यन्त सराहनीय है। विशेषकर इन देवियों के महत्व को दर्शाने के लिए की जाने वाली कमेन्ट्री रोचक है। उन्होंने सामाजिक जागृति के कार्यों के लिए ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने बतलाया कि शान्ति सरोवर में विगत २० वर्षों से प्रतिवर्ष नवरात्रि पर चैतन्य देवयिों की झाँकी सजायी जाती है। जनता ने इसको खूब पसन्द किया है। यह झाँकी शान्ति सरोवर रायपुर में  १९ अक्टूबर, २०१८ तक रहेगी। इसमें भक्तजन प्रतिदिन शाम को ६ से रात्रि १० बजे तक चैतन्य देवियों के दर्शन कर सकेंगे। झाँकी में संगीतमय कमेन्ट्री के माध्यम से विशाल मंच पर विराजित शिवशक्तियों -मॉं दुर्गा, श्री लक्ष्मी, सरस्वती, काली, गायत्री वैष्णो देवी, मीनाक्षी, सन्तोषी माता और उमादेवी आदि की महिमा का लाइट एण्ड साउण्ड के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केन्द्र होती है।

प्रेषक : मीडिया प्रभाग,
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय शान्ति सरोवर, रायपुर फोन: ०७७१-२२५३२५३, २२५४२५४

—

for media content and service news, please visit our website-
www.raipur.bk.ooo

Continue Reading