News
ब्रह्माकुमारी ओम राधे की पुण्य तिथि श्रद्घापूर्वक मनाई गई…

आध्यात्म के गहन रहस्यों को मम्मा ने सहज रीति से समाज के सामने प्रस्तुत किया..
रायपुर, २४ जून: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की प्रथम मुख्य प्रशासिका ब्रह्माकुमारी ओम राधे की ५३ वीं पुण्य तिथि श्रद्घापूर्वक मनाई गई।
चौबे कालोनी स्थित सेवाकेन्द्र विश्व शान्ति भवन में एक सादे समारोह में ब्रह्माकुमारी ओम राधे (मातेश्वरी) के चित्र पर माल्यार्पण कर वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने श्रद्घासुमन अर्पित किए। उन्होंने मातेश्वरी जी के जीवन से सम्बन्धित संस्मरण सुनाकर सभी को उनके द्वारा बतलाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। सभा में राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी भावना, ब्रह्माकुमारी रश्मि, ब्रह्माकुमारी चित्रलेखा और ब्रह्माकुमारी सौम्या बहन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्घजन उपस्थित थे।
ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने बतलाया कि मातेश्वरी जी का जीवन अत्यन्त आदर्श होने के कारण सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने एक माँ की तरह से ब्रह्मावत्सों की पालना की। उन्होंने अध्यात्म के गूढ़ रहस्यों को अत्यन्त सहज रीति से समाज के सामने प्रस्तुत किया ताकि साधारण से साधारण आदमी भी उसे समझकर जीवन में अपना सके। उनके जीवन में अपनाए गए सिद्घान्त आज संस्था के लिए प्रमुख सूत्र बन चुके हैं। जिसके आधार पर संस्था का संचालन किया जाता है। उन्होंने २४ जून को अपने पार्थिव शरीर का त्याग किया था। तब से ही इस दिन उनकी पुण्यतिथि पर सारे सेवाकेन्द्रों में विशेष आयोजन किया जाता है।
इससे पहले मातेश्वरी जी की पुण्य स्मृति में परमपिता परमात्मा शिवबाबा को भोग स्वीकार कराया गया। जिसे बाद में सभा में उपस्थित सभी लोगों में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। पश्चात उनके प्रवचनों से लिए गए प्रेरणादायक महावाक्यों को भी अलग-अलग वरदान के रूप में लोगों को बांटा गया। जिसे प्राप्त कर सभी ने उसी वरदान के अनुरूप पुरूषार्थ करने का सकंल्प किया।
प्रेषक: मीडिया प्रभाग,
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय
रायपुर फोन: २२५३२५३, २२५४२५४

