





मंत्रियों और विधायकों का शान्ति सरोवर में सम्मान समारोह सम्पन्न
विज्ञान के बल पर नहीं अपितु नैतिक और आध्यात्मिक शक्तियों से करें राज्य का विकास …
रायपुर, ११ फरवरी, २०१९: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अतिरिक्त महासचिव ब्रह्माकुमार मृत्युजंय भाई ने कहा कि छत्तीसगढ़ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परम्पराओं से अत्यन्त भरपूर राज्य है। इसका विकास विज्ञान के बल पर नहीं अपितु नैतिक और आध्यात्मिकता के आधार पर करने की जरूरत है ताकि यह राज्य सारे देश के लिए रोल मॉडल बन सके।
ब्रह्माकुमार मृत्युजंय भाई ब्रह्माकुमारी संगठन के राजनीतिक सेवा प्रभाग द्वारा विधानसभा रोड पर स्थित शान्ति सरोवर में मंत्रियों एवं विधायकों के लिए आयोजित सम्मान समारोह में अपने विचार रख रहे थे। उन्होंने बतलाया कि कल उन्हें दिल्ली में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर आधारित ग्लोबल समिट में भाग लेने का अवसर मिला वहाँ उन्हेें यह जानने को मिला कि टेक्नॉलाजी के क्षेत्र में हमारे देश ने बहुत तरक्की की है। विज्ञान के सहयोग से तरक्की करना अच्छा है किन्तु आध्यात्मिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को नैतिक और आध्यात्मिकता के आधार पर भयमुक्त, पाप मुक्त, दु:खमुक्त और विकारमुक्त बनाएं। उन्होंने लोगों के जीवन को मूल्यनिष्ठ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि मनुष्य के मस्तिष्क को परिवर्तन करने के लिए नैतिक और आध्यात्मिक शिक्षा की आवश्यकता है। उन्होंने सभी विधायकों को पुन: माउण्ट आबू में आने का निमंत्रण दिया ताकि वहाँ से नवीन प्रेरणाएं प्राप्त कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ नया राज्य है, नया रायपुर में नई राजधानी बहुत सुन्दर बनी है। उन्होंने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की मुख्य प्रशासिका दादी जानकी की ओर से सभी को शुभकामना देते हुए कहा कि उनकी शुभ इच्छा है कि छत्तीसगढ़ राज्य नैतिक और आध्यात्मिक शक्तियों के बल पर खूब विकास करे, नम्बर वन बने और सारे देश के लिए यह राज्य रोल माडल बने।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संक्षिप्त सम्बोधन में कहा कि ब्रह्माकुमारी संगठन नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों की स्थापना की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। हम सभी इससे भलीभॉति परिचित हैं। इसलिए इस संगठन की सेवाओं को दोहराने की जरूरत नहीं है। प्रथम विधानसभा के समय से तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल के समय से यह परम्परा बनी हुई है कि बजट सत्र के अवसर पर हम सभी ब्रह्मा भोजन के लिए यहाँ एकत्रित होते हैं। उसी परम्परा के निर्वहन के लिए हम यहाँ उपस्थित हैं।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमार मृत्युजंय भाई ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महन्त, नेता प्रतिपक्ष श्री धरम लाल कौशिक और पूर्व मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित समस्त मंत्रियों और विधायकों का शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया। प्रारम्भ में क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने समस्त अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय समन्वयक ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी और भिलाई सेवाकेन्द्र की इन्चार्ज ब्रह्माकुमारी आशा दीदी भी उपस्थित थीं।
प्रेषक: मीडिया प्रभाग,
प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज, शान्ति सरोवर, रायपुर
सम्पर्क: ९४२५५०२२५५
—
—
for media content and service news, please visit our website-
www.raipur.bk.ooo