News
बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण भी जरूरी … डॉ. नितिन नागरकर
बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण भी जरूरी … डॉ. नितिन नागरकर
रायपुर, ०१ मई : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के डायरेक्टर डॉ. नितिन मोहन नागरकर ने कहा कि स्कूलों में आप बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है। किन्तु जीवन में पढ़ाई और खेलकूद ही सब कुछ नहीं है। अच्छी शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण भी उतनी ही जरूरी है। संस्कारों को अच्छा बनाने के लिए आध्यात्मिक शिक्षा की आवश्यकता होती है।
डॉ. नागरकर आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा चौबे कालोनी में आयोजित समर कैम्प के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चरित्र निर्माण की शिक्षा प्राप्त करने के लिए ब्रह्माकुमारी संस्थान का समर कैम्प सबसे अच्छी जगह है। आप लोग जब बड़े होकर किसी जिम्मेदार पद पर कार्य करेंगे तब आप लोगों को यहाँ दी गई शिक्षाएं बहुत काम आएंगी। उन्होंने समर कैम्प में शामिल होकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अस्पताल में हम लोग इतने अधिक व्यस्त रहते हैं कि किसी से मिलने का समय ही नहीं मिल पाता है। इसीलिए यहाँ पर आकर और इतने सारे बच्चों से मिलकर बहुत अच्छा लग रहा है।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने बच्चों को अपने आशीर्वचन में कहा कि हरेक माता-पिता की यह शुभ इच्छा होती है कि उनका बच्चा बड़ा होकर किसी उँचे पद पर आसीन हो और उनका नाम रौशन करे। इसलिए वह लोग बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए पूरा प्रयास भी करते हैं। किन्तु बच्चों के चारित्रिक एवं नैतिक उन्नति के लिए वह लोग पर्याप्त ध्यान नहीं देते। जिसके परिणामस्वरूप आध्यात्मिक शिक्षा से वंचित होने के कारण बच्चों का नैतिक उत्थान नहीं हो पाता है और उनका व्यक्तित्व अधूरा रह जाता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार छोटे पौधों का रोपण करना सहज होता है। उसी प्रकार बच्चों में अच्छे संस्कारों को रोपित करना आसान होता है। दुनिया में डॉक्टर और इन्जीनियर आदि में ईमानदारी और सच्चरित्रता के गुण आ जाएं तो उनका जीवन बहुतों के लिए सुखदायी बन सकता है। इसलिए आज ऐसे प्रयासों की जरूरत है कि जिसमें मुनष्य गुणवान बनने के लिए प्रेरित हो।
इस अवसर पर बोलते हुए ब्रह्माकुमारी अदिति दीदी ने बतलाया कि यह समर कैम्प चौबे कालोनी रायपुर में विगत पन्द्रह वर्षों से निरन्तर आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में नैतिक एवं आध्यात्मिक गुणों का समावेश कर उनके व्यक्तित्व का विकास करना है। उन्होंने कहा कि सुन्दर हाथ वह है जो कि परिश्रम करे। सुन्दर मुख वह है जो कि मीठा बोले और सुन्दर चेहरा वह है जिसमें मुस्कुराहट हो। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी सौम्या बहन ने किया।
प्रेषक : मीडिया प्रभाग
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय
फोन: ०७७१-२२५३२५३, २२५४२५४
—
for media content and service news, please visit our website-
www.raipur.bk.ooo




