Brahmakumaris Raipur
जीवन में सफल होने के लिए अनुशासन जरूरी… ब्रह्माकुमारी रीतु दीदी
सादर प्रकाशनार्थ
जीवन में सफल होने के लिए अनुशासन जरूरी… ब्रह्माकुमारी रीतु दीदी
रायपुर, 13 मई: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा चौबे कालोनी में आयोजित प्रेरणा समर कैम्प के नौंवे दिन राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी रीतु दीदी ने स्व अनुशासन विषय पर बोलते हुए बच्चों को जीवन में अनुशासन का महत्व बतलाया।
ब्रह्माकुमारी रीतु दीदी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए जीवन में अनुशासन का होना जरूरी है। भले ही हम पढ़ाई में कैसे भी हों लेकिन हमारा आचरण और व्यवहार श्रेष्ठ होगा तो हम सभी का दिल जीत सकते हैं।
रीतु दीदी ने महापुरूषों के प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बतलाया कि जीवन में संघर्ष करने वाले लोग ही आगे चलकर सफल होते हैं। संघर्ष से व्यक्तित्व निखरकर सामने आता है। इसलिए जीवन में अगर किसी चीज का अभाव हो तो दु:खी नहीं होना चाहिए। बल्कि सोचना चाहिए कि यह मुझे आगे बढ़ाने का साधन है। सकारात्मक सोच रखो तो सफलता अवश्य मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थी जीवन हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण गोल्डन समय है। सच्चे अर्थों में व्यक्तित्व का निर्माण इसी अवधि में होता है। जीवन को दिशा देने का काम इसी दौरान किया जाता है। हम जैसा बनना चाहें वैसा अपने को बना सकते हैं। इसीलिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का बड़ा महत्व है। हमारा व्यवहार, बोलचाल और दिनचर्या अनुशासित हो तो हम आदर्श विद्यार्थी के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं। इससे घर -परिवार में बड़ों का और स्कूल में अध्यापकों का दिल जीत कर उनके प्रिय बन सकते हैं।
उन्होंने बच्चों को सभी का आदर करने प्रेरणा देते हुए कहा कि चाहे कोई आपसे छोटा हो या बड़ा सदैव उनको आप कहकर सम्बोधित करना चाहिए। कई बच्चे तू-तुम कहकर आपस में बात करते हैं जो कि ठीक नहीं है। घर और स्कूल में प्रतिदिन अपने से बड़ों का अभिवादन अवश्य करें। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर लेना चाहिए। जब कोई सलाह या कार्य मिले तो हाँ जी कहकर उसे स्वीकार करें। हमारे शब्दों में मधुरता और नम्रता हो।
प्रेषक: मीडिया प्रभाग
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय
फोन:0771- 2253253, 2254254
—
—
for media content and service news, please visit our website-
www.raipur.bk.ooo



