Connect with us

News

स्वर्णिम भारत बस यात्रा के तपस्वी युवाओं का नगरागमन,  ११ नवम्बर को शान्ति सरोवर में अभिनन्दन समारोह

Published

on

ब्रह्माकुमारी संस्था के युवा प्रभाग द्वारा पूरे देश में स्वर्णिम भारत युवा बसयात्रा अभियान
स्वर्णिम भारत बस यात्रा के तपस्वी युवाओं का नगरागमन,
११ नवम्बर को शान्ति सरोवर में अभिनन्दन समारोह
रायपुर, १० नवम्बर : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के युवा प्रभाग द्वारा आयोजित मेरा भारत स्वर्णिम भारत युवा बस यात्रा के अन्तर्गत मार्ग में जन-जन को अन्धविश्वास, कुरीतियों, दहेज प्रथा उन्मूलन और व्यसनमुक्ति का सन्देश देते हुए युवा बस यात्री कल रायपुर आ रहे हैं।  रविवार, ११ नवम्बर को शाम ६ बजे  विधानसभा मार्ग स्थित शान्ति सरोवर में अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया है। चर्चा का विषय है चुनौतियों का सामना।
ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा जारी विज्ञप्ति में बतलाया गया है कि यह बस यात्रा अहमदाबाद से प्रारम्भ होकर अनेक राज्यों का भ्रमण करते हुए कल रायपुर आ रही है। कल रविवार, ११ नवम्बर को सुबह ६  बजे तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राईव में महापौर प्रमोद दुबे बस यात्रियों का स्वागत करेंगे। पश्चात इन्दिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों को सन्देश देने के बाद बस आरंग जाएगी। रविवार को ही शाम ६ बजे  विधानसभा मार्ग पर स्थित शान्ति सरोवर में बस यात्रियों के सम्मान में अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया है। समारोह के माननीय अतिथि कुशाभाउ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मानसिंह परमार एवं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. एल. वर्मा होंगे। अध्यक्षता क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी करेंगी।
ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने आगे बतलाया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य बस में प्रयुक्त आध्यात्मिक प्रदर्शनी व व्याख्यानों के माध्यम से लोगों को नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों की शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न अन्धविश्वासों, कुरीतियों, व्यसनों, दहेजप्रथा, महिला उत्पीडऩ आदि सामाजिक बुराईयों का परित्याग करने के लिए प्रेरित करना है।
मेरा भारत स्वर्णिम भारत बस यात्रा का शुभारम्भ अहमदाबाद से हुआ था। अब तक यह बस दमन, दीव, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आन्ध्रप्रदेश, तेलगांना और उड़ीसा आदि राज्यों का दौरा कर चुकी है। छत्तीसगढ़ में एक माह तक कई शहरों में सन्देश देने के बाद से यह बस झारखण्ड राज्य में जाएगी। इस यात्रा का समापन अगले साल मार्च में अहमदाबाद में किया जाएगा।
प्रेषक: मीडिया प्रभाग,
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय
शान्ति सरोवर, रायपुर

—

for media content and service news, please visit our website- 
www.raipur.bk.ooo
Continue Reading